युवा कांग्रेस ने फूंका ‘बेहतर दिल्ली’ अभियान का बिगुल, प्रदूषण, पानी और कूड़े के खिलाफ छेड़ा जन-आंदोलन

नई दिल्ली: भारतीय युवा कांग्रेस ने राजधानी दिल्ली की बुनियादी समस्याओं के समाधान और जन-भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से ‘बेहतर दिल्ली’ अभियान की विधिवत शुरुआत की है। शुक्रवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में एआईसीसी कोषाध्यक्ष अजय माकन, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने इस महत्वाकांक्षी अभियान का खाका पेश किया। इस अवसर पर अभियान के लिए एक समर्पित मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया गया, जिसके जरिए दिल्ली के नागरिक सीधे इस मुहिम से जुड़कर अपनी समस्याओं को साझा कर सकेंगे।

एआईसीसी कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि देश की लगभग 40 प्रतिशत आबादी शहरों में रहती है, लेकिन शहरी समस्याओं को हमेशा राजनीतिक चर्चाओं से दूर रखा जाता है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर करने से गांवों से शहरों की ओर पलायन बढ़ेगा, जिससे शहरी बुनियादी ढांचे पर दबाव बढ़ना तय है। माकन ने युवा कांग्रेस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुद्दों पर आधारित राजनीति की दिशा में यह एक सार्थक कदम है, जिसे अब पूरे देश के शहरी इलाकों में लागू किया जाएगा।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने दिल्ली की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय ‘ग्रीन कैपिटल’ कही जाने वाली दिल्ली आज ‘पॉल्यूशन कैपिटल’ बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण से लेकर जलभराव और गर्मियों में पेयजल की किल्लत तक, दिल्ली की हर समस्या के लिए केंद्र और दिल्ली की सरकारें जिम्मेदार हैं। ‘बेहतर दिल्ली’ अभियान की प्रमुख मांगों का जिक्र करते हुए चिब ने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति मिले, 24 घंटे साफ पानी की आपूर्ति हो, स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों और प्रदूषण पर कड़े उपाय किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की इन बुनियादी मांगों पर काम नहीं करती है, तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सरकार पर वादों और घोषणाओं तक सीमित रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के बजाय सरकार ने नए कूड़े के पहाड़ खड़े कर दिए हैं। किराड़ी, बवाना और नरेला का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रॉसेसिंग के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। यादव ने कहा कि जिस तरह सरकार अलग-अलग टैक्स के नाम पर वसूली कर रही है, उसके अनुपात में सुविधाएं नगण्य हैं। ‘बेहतर दिल्ली’ अभियान का उद्देश्य दिल्ली की इन समस्याओं को नुक्कड़ से लेकर विधानसभा तक उठाना है।

अभियान के बारे में विस्तार से बताते हुए दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि संस्था ने पहले भी गिग वर्कर्स के हितों और साफ हवा के अधिकार के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ी है, जिसे आगे बढ़ाते हुए अब यह व्यापक जन-आंदोलन शुरू किया जा रहा है। राष्ट्रीय महासचिव खुश्बू शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अभियान का लक्ष्य लोगों के सुझाव लेकर उनका समाधान खोजना है, ताकि एक सुरक्षित और रहने योग्य दिल्ली का सपना साकार हो सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More