ट्रंप की ‘हेल होल’ टिप्पणी पर भड़की युवा कांग्रेस, यूएस एंबेसी के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी ‘हेल होल’ के विरोध में सोमवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने आक्रामक तेवर अपनाए। दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चाणक्यपुरी स्थित अमेरिकी दूतावास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ट्रंप लगातार भारत विरोधी बयान दे रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता तीन मूर्ति सर्किल से अमेरिकी दूतावास की ओर मार्च कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, जहां कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डिटेन भी किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी भले ही कॉम्प्रोमाइज्ड हो सकते हैं, लेकिन भारत देश कभी नहीं। राष्ट्रपति ट्रंप लगातार भारत के खिलाफ अजीबोगरीब आदेश दे रहे हैं और अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। पीएम मोदी की डोनाल्ड ट्रंप के साथ निजी दोस्ती हो सकती है, लेकिन जब बात देश के सम्मान की हो, तो युवा कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।”

अक्षय लाकड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रदर्शन का एकमात्र उद्देश्य दुनिया को यह कड़ा संदेश देना है कि भारत अपनी गरिमा और गौरव के प्रति बेहद संवेदनशील है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली सह-प्रभारी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैवरान कंसाना भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी ट्रंप की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे भारत का अपमान करार दिया।

युवा कांग्रेस के इस उग्र प्रदर्शन ने राजधानी के राजनयिक क्षेत्र में काफी देर तक गहमागहमी बनाए रखी। संगठन ने साफ कर दिया है कि यदि भविष्य में भी भारत विरोधी बयानबाजी जारी रही, तो युवा कांग्रेस और अधिक व्यापक स्तर पर विरोध दर्ज कराएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More