सीतापुर:हरगांव विधायक की नेपाल में फंसे 71 भारतीयों को बापस लाने की कवायद हुईं तेज

0
सीतापुर, 16 मई। राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन के चलते जिले के तमाम श्रमिक और कामगार देश के दूसरे प्रांतों और पडोसी देश नेपाल में फंस गए हैं। इनमें से तमाम लोग तो अपने घरों को वापस भी आ गए हैं,
जबकि तमाम लोग अभी भी फंसे हुए हैं। हरगांव विधान सभा क्षेत्र के भी तमाम लोग दूसरे प्रदेशों में फंसे हुए हैं और अपने घर वापस आना चाह रहे हैं। हरगांव के विधायक सुरेश राही ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर ऐसे लोगों को सूचीबद्ध किया हैं।
यह श्रमिक और कामगार जिन प्रदेशों में फंसे हुए हैं, विधायक ने उन सभी प्रदेश शासन को पत्र लिखकर संबंधित लोगों का नाम, पता और मोबाइल नंबर की जानकारी देते हुए इन श्रमिकों के खाने-पीने की व्यवस्था करने के साथ ही उन्हें वापस उनके घर भेजे जाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
विधायक सुरेश राही ने बताया कि नेपाल राष्ट्र में क्षेत्र के 71 व्यक्ति फंसे हुए हैं। यह सभी अपने घर आना चाह रहे हैं। इसको लेकर विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जय शंकर को पत्र लिखा गया है।
इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल, राजस्थान, चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, केरल, कर्नाटक केंद्र शासित प्रदेश दादर में फंसे हुए श्रमिकों व कामगारों को उनके घर वापस लाने के लिए वहां की सरकारों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पत्र लिखा गया है।
विधायक सुरेश राही ने बताया कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जूझ रहे लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का लगातार वितरण किया जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित होने वाले खाद्यान्न की भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक उनके द्वारा 5,000 से अधिक मास्क नि:शुल्क वितरित कराए जा चुके हैं।
इनमें से 1,000 मास्क जिला कारागार के बंदियों द्वारा बनाए गए हैं। इसके अलावा सैनिटाइजर की 20,000 शीशियां भी क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को वितरित की जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि वह गेहूं क्रय केंद्रों और सीएचसी व पीएचसी पर भी जाकर वहां तैनात कर्मियों और आने वाले किसानों को मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा विधायक सुरेश राही ने कोरोना योद्धा की भूमिका निभा रहे स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया है।
विधायक ने सभी लोगों ने शारीरिक दूरी बनाए रखने और लॉकडाउन का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए लॉकडाउन लागू किया है, इसलिए घर में ही रहें। खाद्यान्न अथवा राशन की जरूरत होने पर फोनकर सूचित करें।
तत्काल मदद पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कोरोना वायरस के बचने का उपाय सोशल डिस्टेंसिंग है। कहा हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कोरोना की इस लड़ाई में साथ देना होगा। तभी कोरोना को पराजित किया जा सकेगा।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More