एक ही रात में दिल्ली से गाजियाबाद तक 8 वारदातों को दिया था अंजाम, तीन किशोरों समेत चार दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की स्पेशल स्टाफ और मधु विहार थाना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर रात के समय चाकूबाजी कर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का 24 घंटे के भीतर भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य लुटेरों (नाबालिग और लूटा गया सामान खरीदने वाले दो रिसीवरों (एक नाबालिग और एक बालिग) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू, चोरी की स्कूटी और विभिन्न इलाकों से लूटे गए आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात मधु विहार इलाके में स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति पर घातक हथियार से हमला कर लूटपाट की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधु विहार थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार और एसीपी मधु विहार तिलक चंद्र बिष्ट की देखरेख में स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक और मधु विहार एसएचओ अरुण कुमार की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और जाल बिछाकर दो नाबालिग लुटेरों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले अजहर (27 वर्ष) और एक अन्य किशोर को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने वारदात वाली उसी रात मधु विहार, मंडावली, कनॉट प्लेस और गाजियाबाद (यूपी) जैसे इलाकों में एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी गीता कॉलोनी इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद सभी 8 मोबाइल फोन और खून से सने चाकू को जब्त कर लिया है।

डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों मुख्य लुटेरे महज 17 साल के हैं, जो आसान पैसा कमाने के लिए जघन्य वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों और अन्य संभावित मामलों में इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों को कानून के अनुसार संबंधित बोर्ड और अदालत के समक्ष पेश किया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More