सुल्तानपुरी में 5 किलो से ज्यादा गांजे के साथ शातिर तस्कर पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नीरज (41 वर्ष), निवासी हर्ष विहार को सुल्तानपुरी इलाके से दबोचा है। उसके कब्जे से 5.104 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले से ही आबकारी अधिनियम के 7 मामलों में संलिप्त रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के हेड कांस्टेबल दिनेश को सुल्तानपुरी के पी-1 ब्लॉक में गांजे की सप्लाई के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल की देखरेख और एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में एसआई राजकुमार, गगनदीप और मुकेश सहित एक विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से गांजे के 5 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 5.104 किलोग्राम पाया गया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह खेप स्थानीय ड्रग डीलरों को सप्लाई करने जा रहा था। इस संबंध में सुल्तानपुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी नीरज साल 2010 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसके खिलाफ पहले से शराब तस्करी के 7 मामले दर्ज हैं। तफ्तीश में यह भी सामने आया कि आरोपी का परिवार भी अवैध शराब और गांजे की सप्लाई में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के मुख्य स्रोत और अन्य खरीदारों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More