एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने दो शातिर सेंधमार को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला की ‘एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल’ ने सेंधमारी और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए दो बेहद सक्रिय और शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रमोद उर्फ बिहारी (28 वर्ष) और युगल किशोर उर्फ गूगल (29 वर्ष) को दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण, एक घड़ी और पुराने सिक्के बरामद किए गए हैं। साथ ही, पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास भी जब्त किया है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 5 अप्रैल को मंगोलपुरी थाने में रात के समय हुई एक सेंधमारी के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की बात कही गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र सिंह की देखरेख और एंटी स्नैचिंग सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर रितेश राज के नेतृत्व में एएसआई विनोद, हेड कांस्टेबल रमेश, रवि और कांस्टेबल देवेंद्र व अभिषेक की एक विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसमें दो संदिग्ध चोरी करते हुए नजर आए। इसी बीच 7 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि सीसीटीवी में दिखे दोनों संदिग्ध ज्वालापुरी और निहाल विहार इलाके में चोरी का माल बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को दो हिस्सों में बांटा गया और दोनों इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर दोनों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। युगल किशोर उर्फ गूगल के पास से चांदी के 36 मोती (मनके), लॉकेट और ताला तोड़ने के औजार बरामद हुए। वहीं, प्रमोद उर्फ बिहारी की निशानदेही पर पुलिस ने दो जोड़ी सोने की बालियां, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की चैन, चांदी की पायल, घड़ी और ₹1 के 13 पुराने कागजी नोट बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की गई नकदी अपनी नशे की जरूरतों पर खर्च कर दी थी।

पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। प्रमोद उर्फ बिहारी के खिलाफ पहले से चोरी और सेंधमारी के 16 मामले दर्ज हैं, जबकि युगल किशोर उर्फ गूगल 10 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और अब चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More