चबूतरे पर बैठने को लेकर विवाद, पड़ोसियों के हमले में बुजुर्ग की मौत, हत्या के आरोप में एक गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित बाकनेर गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी के चबूतरे पर बैठने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इस कदर बढ़ी कि आरोपियों ने बुजुर्ग और उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय राजेश्वर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए एक आरोपी गोलू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके पिता और भाई की तलाश जारी है। बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना बीते 30 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, मृतक राजेश्वर के बेटे मोहित ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी कृष्ण और उसके बेटों अंकित व गोलू ने चबूतरे पर बैठने की बात को लेकर उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मोहित और उसकी मां पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राजेश्वर को आरोपियों ने धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। शुरुआत में पुलिस ने मामूली चोट की धाराओं में मामला दर्ज किया था, लेकिन अगले दिन राजेश्वर की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें सिर में तेज दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ पता चला कि उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं, जिससे उन्हें लकवा मार गया।

अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे राजेश्वर ने 1 अप्रैल को दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 को जोड़ दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी गोलू को दबोच लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की सघन जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More