हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर रानी बाग थाना पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला अंतर्गत रानी बाग थाना पुलिस ने पीतमपुरा इलाके में हुई हत्या की एक वारदात को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी लाल बाबू उर्फ लालू (20 वर्ष) और कुंदन (20 वर्ष) को एक मुठभेड़ के बाद दबोचा है। पकड़े जाने के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की सर्विस पिस्टल छीनकर उन पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि रोहिणी स्थित बीएसए अस्पताल से पीतमपुरा विलेज निवासी राजू (40 वर्ष) के संबंध में सूचना मिली थी। राजू को उसके दो दोस्तों ने आशियान अपार्टमेंट बस स्टैंड के पास चाकू लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान राजू की मौत हो गई, जिसके बाद रानी बाग थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी मंगोलपुरी मुरारी लाल की देखरेख और रानी बाग एसएचओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हनुमान, अमित और कांस्टेबल सोमिंदर व दिनेश की एक विशेष टीम गठित की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान लाल बाबू और कुंदन के रूप में हुई। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी रानी बाग स्थित एपीजे स्कूल के पास एक पार्क में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

डीसीपी ने बताया कि जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो दोनों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उनकी सर्विस पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो दोनों आरोपियों के पैरों में लगी। पुलिस ने तुरंत दोनों को काबू में लिया और इलाज के लिए भगवान महावीर अस्पताल पहुंचाया।

पकड़े गए दोनों आरोपी पीतमपुरा इलाके के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य दो सहयोगियों की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और क्राइम टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया गया है। मामले की अग्रिम जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More