भाई करता था चोरी, बहन और पत्नी खपाती थीं जेवरात, पुलिस ने सुलझाए सात मामले

नई दिल्ली: दिल्ली के महरौली थाना इलाके में सक्रिय एक ऐसे अनूठे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जहां पूरा परिवार ही चोरी की वारदातों में शामिल था। दक्षिण जिला पुलिस ने दिनदहाड़े बंद मकानों के ताले तोड़कर हाथ साफ करने वाले एक शातिर बदमाश को उसकी बहन और पत्नी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गिरोह की गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में हुई चोरी और सेंधमारी की सात वारदातों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और जेवरात बेचने की रसीदें बरामद की गई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 2-3 महीनों से महरौली इलाके में दिन के समय बंद घरों में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही थीं। बीते 16 मार्च को दर्ज हुई एक ई-एफआईआर की जांच के दौरान पुलिस ने एक विशेष रणनीति तैयार की। इंस्पेक्टर रितेश के नेतृत्व में गठित टीम ने इलाके के करीब 80 से 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी निगरानी और कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य आरोपी कर्मवीर की पहचान हुई। 18 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कर्मवीर को दबोच लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर उसकी बहन पलक और पत्नी राधिका उर्फ राधा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह एक ‘फैमिली यूनिट’ की तरह काम करता था। 30 वर्षीय कर्मवीर, जो कि एक आदतन अपराधी है, दिन के समय रेकी कर बंद मकानों के ताले तोड़ता और चोरी को अंजाम देता था। वहीं, उसकी 25 वर्षीय बहन पलक चोरी के जेवरातों को उत्तर प्रदेश ले जाकर ठिकाने लगाने में मदद करती थी। कर्मवीर की 21 वर्षीय पत्नी राधिका चोरी के सामान को संभालने और उसे छुपाने का काम करती थी। पुलिस ने इनके पास से 5.2 लाख रुपये के जेवरात बेचने की रसीदें, एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, चांदी की पाजेब और सिक्के बरामद किए हैं।

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपियों के बैंक खाते में जमा एक लाख रुपये की राशि को भी फ्रीज करवा दिया गया है। इसके अलावा इनके पास से महंगे ब्रांडेड कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद हुए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी और तकनीकी सर्विलांस के कारण इलाके में सक्रिय एक संगठित चोर गिरोह का अंत हुआ है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस इनके अन्य संभावित साथियों की तलाश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More