नेहरू प्लेस छेड़छाड़ मामला: महिलाओं से सरेराह बदसलूकी करने वाले चारों आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट के हाई-प्रोफाइल मामले में कालकाजी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सभी चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जाकिर नगर, ओखला निवासी मोहम्मद फहाद (28), मोहम्मद सावेज, मोहम्मद आरिफ (33) और जोगा बाई एक्सटेंशन, जामिया नगर निवासी अमन उर्फ मोहम्मद फहीम उर्फ काला (21) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फहाद एक निजी संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर है, जबकि सावेज पहले क्लबों में बाउंसर का काम करता था। आरोपी आरिफ नोएडा के मोबाइल स्टोर में कार्यरत है और सबसे छोटा आरोपी अमन ओला/उबर जैसी कंपनियों में टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता है। पुलिस अब इन चारों से वारदात में इस्तेमाल अन्य साक्ष्यों को लेकर पूछताछ कर रही है।

डीसीपी साउथ ईस्ट हेमंत तिवारी ने बताया कि घटना रविवार, दस मई की सुबह करीब सात बजे की है, जब नेहरू प्लेस स्थित इरोज होटल के पास एक चाय की दुकान पर असम और बिहार की रहने वाली दो महिलाओं के साथ आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उनके साथ गाली-गलौज की। जब महिलाओं ने अपनी गरिमा की रक्षा के लिए इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कालकाजी थाने की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को सुरक्षित निकालकर एम्स अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ ईस्ट हेमंत तिवारी के निर्देशन में पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों व राहगीरों से विस्तृत पूछताछ की। तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आठ संदिग्धों को राउंड-अप किया गया था, जिनसे गहन पूछताछ के बाद इन चार मुख्य आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस ने रविवार देर रात और सोमवार सुबह कई ठिकानों पर छापेमारी कर चारों को दबोच लिया।

कालकाजी थाना पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 74, 126(2), 351(2), 78 और 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। ये धाराएं महिलाओं की लज्जा भंग करने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और साझा मंशा से संबंधित हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि उनके खिलाफ सख्त केस फाइल किया जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है और न्यायालय में आरोपियों की पेशी की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More