पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड, 85 लाख की लूट का वांटेड गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला अंतर्गत स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक बेहद साहसी और पेशेवर ऑपरेशन को अंजाम देते हुए शास्त्री पार्क इलाके की 85 लाख रुपये की लूट में वांछित कुख्यात अपराधी अजय उर्फ कालिया (34 वर्ष) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आईपी एस्टेट के रोज गार्डन सर्विस रोड पर हुई इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 23 मार्च की रात स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि 85 लाख की लूट का मुख्य आरोपी अजय कालिया आधी रात के आसपास रोज गार्डन के पास अपने साथियों से मिलने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसीपी ऑपरेशंस के नेतृत्व में इंस्पेक्टर रोहित कुमार, इंस्पेक्टर रघुवीर, एसआई ओमबीर त्यागी और उनकी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

रात करीब 12:22 बजे जब आरोपी ग्रे रंग की स्कूटी पर वहां पहुंचा, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख आरोपी ने स्कूटी छोड़ दी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर कर दिए। एक गोली इंस्पेक्टर रोहित कुमार की जैकेट के सामने वाले हिस्से में लगी, जिससे उनकी जान बच गई। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें इंस्पेक्टर रोहित और हेड कांस्टेबल विकास की गोलियां आरोपी के बाएं पैर में लगीं। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे निहत्था कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी थाना मालवीय नगर से चोरी की गई थी। आरोपी अजय कालिया उस्मानपुर के गौतमपुरी का रहने वाला है और वह दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और साहिबाबाद में भी डकैती, हत्या और लूट के दर्जनों मामलों में संलिप्त रहा है।

आरोपी के खिलाफ दिल्ली और यूपी में हत्या और डकैती के 12 से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। वह शास्त्री पार्क में हुई 85 लाख की बड़ी लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने इस संबंध में थाना आईपी एस्टेट में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत नई एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य फरार साथियों और बरामद स्कूटी के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More