शराब के नशे में विवाद के बाद साले की हत्या, रेत में दबा मिला था शव, मध्य प्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की पुलिस टीम ने नवीन शाहदरा इलाके में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले को महज 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मान सिंह राय उर्फ रानू (25 वर्ष) और आकाश राय (25 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक की पहचान राम सेवक (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आरोपी आकाश का साला था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 6 मई को नवीन शाहदरा की एक निर्माणाधीन इमारत से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चौथी मंजिल पर रेत के नीचे दबा हुआ एक अज्ञात शव बरामद किया। चेहरा बुरी तरह सड़ जाने के कारण पहचान मुश्किल थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी संजीव कुमार गौतम के मार्गदर्शन और एसएचओ अरुण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान पुलिस को पास की ही दूसरी निर्माणाधीन इमारत में चौकीदार का काम करने वाले रानू और आकाश पर संदेह हुआ। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि 2 मई की रात इन दोनों का एक व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था और 4 मई को ये दोनों अचानक दिल्ली छोड़कर गांव भाग गए थे। पुलिस टीम ने तुरंत टीकमगढ़, मध्य प्रदेश में छापेमारी की और घेराबंदी कर दोनों को उनके ठिकाने से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 2 मई की रात तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जहां मामूली विवाद के बाद रानू और आकाश ने मिलकर बर्तनों से हमला कर राम सेवक की हत्या कर दी और शव को बगल वाली बिल्डिंग की छत के रास्ते ले जाकर रेत में छिपा दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मान सिंह उर्फ रानू एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ मध्य प्रदेश के कोतवाली टीकमगढ़ थाने में चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 7 मामले दर्ज हैं। वहीं, आकाश राय पर भी पहले से छेड़छाड़ का एक मामला दर्ज है। मृतक राम सेवक टीकमगढ़ का ही निवासी था और चार बच्चों का पिता था। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शाहदरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर अपराधियों में कानून का डर और जनता में विश्वास पैदा किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More