भगोड़ों की खैर नहीं! दिल्ली पुलिस ने 13 उद्घोषित अपराधी को अलग-अलग इलाकों से किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने भगोड़े और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के स्पेशल स्टाफ और महेंद्र पार्क, मॉडल टाउन, अशोक विहार व सुभाष प्लेस थानों की समर्पित टीमों ने मिलकर कुल 13 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी चेक बाउंस, लूट, चोरी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालयों द्वारा इन्हें भगोड़ा घोषित किया गया था।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले के विभिन्न विंगों को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में स्पेशल स्टाफ की टीम (जिसमें एसआई सुरेंद्र, एएसआई सुरेंद्र दहिया, हेड कांस्टेबल पंकज गुप्ता, सत्य नारायण, नरसी राम और महिला कांस्टेबल कोमल शामिल थे) ने सबसे अधिक 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें रानी बाग के एनआई एक्ट मामले में वांटेड 62 वर्षीय जितेंद्र जैन और नोएडा की निवासी हिया ओक ली शामिल हैं, जिन्हें तीस हजारी कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था।

थाना महेंद्र पार्क की टीम ने भी सराहनीय कार्य करते हुए 5 अपराधियों को दबोचा। इस टीम में महिला कांस्टेबल अंजू के प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे। पकड़े गए अपराधियों में आर्म्स एक्ट का आरोपी राम किशन, लूट का आरोपी मोहम्मद उर्फ चंदू और आबकारी अधिनियम का आरोपी लाला उर्फ कायमुद्दीन शामिल हैं। ये सभी अपराधी दिल्ली की विभिन्न अदालतों द्वारा पिछले कुछ वर्षों में भगोड़े घोषित किए गए थे।

वहीं, थाना मॉडल टाउन की टीम (एचसी पवन व विनोद खत्री) ने एनडीपीएस एक्ट के 42 वर्षीय आरोपी किशन उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। थाना अशोक विहार की टीम (एचसी करण पाल व कांस्टेबल भूपेश) ने लूट और डकैती के मामले में वांटेड विनय उर्फ पेठा को दबोचा। इसी तरह थाना सुभाष प्लेस की टीम (एचसी नवीन व कांस्टेबल मोहित) ने भी एक उद्घोषित अपराधी काली चरण उर्फ कालू को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।

भीष्म सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी 13 अपराधियों को संबंधित अदालतों में पेश किया जा रहा है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कानून की प्रक्रिया से बचने वाले अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More