प्रसाद नगर पुलिस ने गश्त के दौरान दो शातिर झपटमारों को दबोचा; लूटा गया iPhone और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस की प्रसाद नगर थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में सक्रिय दो शातिर झपटमारों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पटेल नगर इलाके से छीना गया कीमती iPhone 17 प्रो और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण रणछोया और जतिन के रूप में हुई है, जो करोल बाग इलाके के रहने वाले हैं।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जिले में स्ट्रीट क्राइम को रोकने और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए विशेष गश्ती दल गठित किए गए हैं। इसी कड़ी में 19 फरवरी को एएसआई जौहरीलाल, कांस्टेबल संदीप भाटी, शुभम और अमित नागर बापा नगर स्थित शिव मंदिर के पास गश्त पर थे। इसी दौरान टीम ने स्कूटी सवार दो संदिग्धों को देखा, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे।

सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीछा किया और संक्षिप्त मशक्कत के बाद दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से ऑरेंज कलर का iPhone 17 Pro बरामद हुआ। तकनीकी जांच में पता चला कि यह मोबाइल 18 फरवरी को पटेल नगर थाना क्षेत्र से छीना गया था, जिसके संबंध में पहले से ही एफआईआर दर्ज थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 25 वर्षीय आरोपी करण रणछोया एक आदतन अपराधी है और साल 2020 से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उस पर पहले से राजेंद्र नगर, दरियागंज और सराय रोहिल्ला थानों में लूट और चोरी के 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि इन्होंने इलाके में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More