अब दिल्ली दूर नहीं, पीएम मोदी ने देश को समर्पित किया दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ की क्रांतिकारी धरती से देश की पहली ‘नमो भारत’ रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के एकीकृत कॉरिडोर का उद्घाटन कर देश के विकास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। मेरठ के शताब्दी नगर में आयोजित समारोह में पीएम ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा कि आज भारत विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के एक नए युग का साक्षी बन रहा है। देश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब रैपिड रेल और मेट्रो रेल एक ही स्टेशन, एक ही प्लेटफॉर्म और एक ही ट्रैक पर संचालित होंगी।

शिलान्यास भी हमारा, उद्घाटन भी हमारा: पीएम 

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर परोक्ष प्रहार करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में परियोजनाएं वर्षों तक लंबित रहती थीं, लेकिन ‘डबल इंजन’ सरकार की कार्यसंस्कृति अलग है। उन्होंने कहा, “नमो भारत और मेट्रो सेवा, दोनों की नींव रखने का अवसर मुझे मिला था और आज इनके उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे ही मिला। जिस कार्य की हम नींव रखते हैं, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं।” पीएम ने इस प्रोजेक्ट को ‘विकसित भारत’ में कनेक्टिविटी का एक शानदार मॉडल बताया।

नारी शक्ति और युवा ऊर्जा का संगम: पीएम 

उद्घाटन के पश्चात प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो में यात्रा की और स्कूली छात्रों व यात्रियों के साथ संवाद किया। उन्होंने इस गौरवशाली परियोजना को ‘नारी-शक्ति’ को समर्पित करते हुए सराहना की कि ट्रेन संचालन से लेकर स्टेशन कंट्रोल तक की कमान मुख्य रूप से महिलाएं संभाल रही हैं। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है, जो अब 25 से अधिक शहरों में अपनी सेवाएं दे रहा है।

दिल्ली में रहने की मजबूरी होगी खत्म : पीएम 

पीएम ने इस बात पर जोर दिया कि सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ के बीच बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेट्रो का एकीकरण होने से आम जनता का जीवन बेहद सरल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब मेरठ और आसपास के युवाओं, श्रमिकों और छात्रों को दिल्ली में किराए के मकान लेकर रहने की मजबूरी नहीं होगी, वे कुछ ही मिनटों में मेरठ से दिल्ली का सफर तय कर सकेंगे।

यूपी बना निवेश और विनिर्माण का हब : पीएम 

उत्तर प्रदेश की बदलती छवि पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य अब दंगों और अपराध के दौर को पीछे छोड़ चुका है। आज उत्तर प्रदेश की पहचान ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर हब के रूप में हो रही है। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर के लिए बजट में किए गए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान और ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मेरठ के कारीगरों का सामान सीधे अमेरिका और यूरोप के बाजारों तक पहुंचेगा। चौधरी चरण सिंह को ‘भारत रत्न’ देने के निर्णय को सौभाग्य बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और अकेले यूपी के किसानों के खातों में 95,000 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More