मफलर से गला घोंटकर चेहरा कुचलने वाला खूंखार हत्यारा गिरफ्तार: जमानत मिलते ही फरार हुआ शातिर नोएडा से दबोचा गया

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच NDR आर.के. पुरम टीम ने एक बेहद खूंखार और शातिर अपराधी पवन तिवारी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी साल 2023 में विकासपुरी इलाके में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में वांछित था और पिछले 5 महीनों से जमानत मिलने के बाद कोर्ट की कार्यवाही से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक ओयो होटल के पास से धर दबोचा।

दिसंबर 2023 में आरोपी पवन तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सचिन मौर्य नामक युवक की मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं, शव की पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने एक भारी पत्थर से मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचल दिया था। इस मामले में पुलिस ने पवन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन जून 2025 में उसे जमानत मिल गई। जेल से बाहर आते ही आरोपी फरार हो गया और कोर्ट की तारीखों पर पेश होना बंद कर दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीसीपी क्राइम (II) विक्रम सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के पुराने ठिकानों, जेल में उससे मिलने आए लोगों के विवरण और जमानतियों (Sureties) की गहनता से जांच की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गाजियाबाद और नोएडा में अपना ठिकाना बदल-बदल कर छिपा हुआ है। पुलिस ने जाल बिछाया और अंततः उसे नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी पवन तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसने साल 2017 में इग्नू से बी.कॉम की डिग्री हासिल की थी। शिक्षा के बावजूद वह अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय रहा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पवन पर चोरी, सेंधमारी, आर्म्स एक्ट और हत्या के कुल 20 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह साल 2008 से ही लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More