दिल्ली क्राइम ब्रांच के साथ मुठभेड़ में असद गैंग के 3 शार्प शूटर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए ‘असलम हत्याकांड’ के तीन मुख्य शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। वजीराबाद-उस्मानपुर रोड पर हुई इस मुठभेड़ में तीनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असद (36), आमिर उर्फ हुसैन (24) और आहिल उर्फ जव्वाद (22) के रूप में हुई है। ये तीनों मेरठ के नौचंदी इलाके में सरेआम हुई असलम की हत्या में वांछित थे।

डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि 13 फरवरी को टीम को सूचना मिली थी कि मेरठ का कुख्यात अपराधी असद अपने दो साथियों के साथ दिल्ली के यमुना खादर इलाके में आने वाला है। पुलिस ने वजीराबाद से उस्मानपुर जाने वाली पुरानी सड़क पर मेट्रो पिलर संख्या P-187 के पास जाल बिछाया। रात करीब 02:05 बजे एक सफेद मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में आरोपियों के पैरों को निशाना बनाकर फायरिंग की, जिससे तीनों घायल हो गए और उन्हें दबोच लिया गया।

जांच में सामने आया कि यह हत्या साल 2024 में हुई अरशद की हत्या का बदला थी। जून 2024 में सलमान और शारिक गैंग की रंजिश के चलते बिलाल, असलम और उनके साथियों ने अरशद की एक स्विमिंग पूल में बेरहमी से हत्या कर दी थी। असलम इस मामले में जेल गया था और हाल ही में बाहर आया था। अरशद के भाई असद ने अपने भाई की मौत का बदला लेने की कसम खाई थी। 6 फरवरी 2026 को असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेरठ के नौचंदी इलाके में असलम के सिर में बेहद करीब से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

पकड़ा गया मुख्य आरोपी असद एक शातिर अपराधी है, जिस पर लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 9 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 3 हाई-एंड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस और 9 खाली खोखे बरामद किए हैं। जिस मोटरसाइकिल पर आरोपी सवार थे, वह भी दिल्ली के दयालपुर इलाके से चोरी की गई थी। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में नई एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मेरठ पुलिस को सूचित कर दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More