कानून को चकमा दे रहे 4 ‘प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर’ पुलिस की गिरफ्त में

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने कानून की प्रक्रिया से बच रहे और अदालतों द्वारा घोषित अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए चार शातिर भगोड़ों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वाहन चोरी के 55 मामलों में शामिल कुख्यात अपराधी आसिम उर्फ हासिम उर्फ ‘दीवाना’ भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी ‘दीवाना’ के पास से चोरी की एक लग्जरी क्रेटा कार भी बरामद की है, जिसके संबंध में उसके खिलाफ अलग से कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

डीसीपी साउथ-वेस्ट अमित गोयल ने बताया कि जिले में लंबित मामलों, पैरोल जंपर्स और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पीएस साउथ कैंपस, वसंत विहार और एएटीएस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने ई-प्रिजन पोर्टल, कोर्ट के आदेशों के विश्लेषण और तकनीकी व मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से छापेमारी की। इसी क्रम में पीएस साउथ कैंपस की टीम ने आर्म्स एक्ट के मामले में फरार शहजादा उर्फ शहजाद को ट्रेस किया, जो जाफराबाद थाने के एक मामले में भगोड़ा घोषित था और वर्तमान में एक हत्या के मामले में जेल में बंद पाया गया। वहीं, थाना वसंत विहार की टीम ने यूपी के हाथरस में दबिश देकर शिवचरण (37) को गिरफ्तार किया, जो एनआई एक्ट के मामले में साकेत कोर्ट से फरार चल रहा था।

तीसरी कार्रवाई में एएटीएस की टीम ने नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया से फरीदाबाद निवासी शशि उर्फ ऋषि (37) को दबोचा, जो चोरी के मामले में वांछित था और वर्तमान में मजदूरी कर अपनी पहचान छिपा रहा था। सबसे महत्वपूर्ण गिरफ्तारी मेरठ निवासी आसिम उर्फ दीवाना की रही, जिसे एएटीएस ने मुनिरका से पकड़ा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसिम पर वाहन चोरी के 55 मुकदमे दर्ज हैं और वह 2019 से फरार चल रहा था। पुलिस फिलहाल इन सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More