मादीपुर में 11 वारदातों में शामिल शातिर चोर ‘नोनी’ गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला पुलिस के तहत आने वाली मादीपुर चौकी और पंजाबी बाग थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित थापा उर्फ नोनी (31) के रूप में हुई है, जो सुभाष नगर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

डीसीपी वेस्ट दरडे शरद भास्कर ने बताया कि 10 फरवरी की दोपहर करीब 2:40 बजे मादीपुर चौकी की पुलिस टीम झीली पार्क, कूड़ा खट्टा के पास गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने एक युवक को स्कूटी पर मादीपुर गांव की तरफ आते देखा। पुलिस स्टाफ को सामने देखकर स्कूटी सवार घबरा गया और इधर-उधर देखकर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर स्कूटी के कागजात मांगे, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। जब पुलिस ने ‘जिपनेट’ के जरिए स्कूटी की जांच की, तो पता चला कि यह एक्टिवा स्कूटी 7 जनवरी को आनंद पर्वत इलाके से चोरी हुई थी।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू भी मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहित थापा उर्फ नोनी पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य अपराधों के 11 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। वह पेशे से ड्राइवर है, लेकिन अपनी जरूरतों के लिए वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों या अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More