नबी करीम में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़: रिहायशी इलाके में चल रहे नशे के अड्डे से 10 नाबालिग रेस्क्यू, मालिक समेत 14 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के माध्य जिला पुलिस के थाना नबी करीम की टीम ने अवैध गतिविधियों और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लक्ष्मणपुरी इलाके में चल रहे एक अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से हुक्का पी रहे 10 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि बार मालिक मोहम्मद रब्बानी सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 हुक्का सेट और अन्य नशीली सामग्रियां बरामद की हैं।

डीसीपी सेंट्रल अनंत मित्तल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इलाके में अवैध वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और संगठित अपराधों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान 8 और 9 फरवरी की दरमियानी रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लक्ष्मणपुरी की एक तंग गली में चोरी-छिपे अवैध हुक्का बार चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर शिव करण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए पते पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस दंग रह गई जब एक रिहायशी इमारत की दो मंजिलों पर 23 लोग हुक्का पीते हुए पाए गए, जिनमें 10 नाबालिग बच्चे भी शामिल थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बार के मालिक/मैनेजर मोहम्मद रब्बानी (27) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रब्बानी ने खुलासा किया कि उसने व्यापार शुरू करने के लिए कर्ज लिया था, लेकिन जल्द पैसा कमाने के लालच में उसने महज तीन दिन पहले ही यानी 7 फरवरी को यह अवैध हुक्का बार शुरू किया था। वह नाबालिग बच्चों को ‘सॉफ्ट टारगेट’ मानकर उन्हें आसानी से प्रवेश दे देता था।

पुलिस ने इस मामले में जेजे एक्ट, कोटपा एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मौके पर मौजूद सभी 13 बालिग युवकों के खिलाफ भी कोटपा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More