आदर्श नगर के आकाश सिनेमा मार्केट में सरेराह चाकूबाजी, दो युवक घायल, हमलावर फरार

नई दिल्ली: दिल्ली का आदर्श नगर इलाका गुरुवार दोपहर खून से सन गया। आकाश सिनेमा मार्केट स्थित ‘शांति भवन’ दुकान के भीतर दो अज्ञात हमलावरों ने एक नाबालिग समेत दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के समय दो अन्य आरोपी दुकान के बाहर पहरा दे रहे थे। हमले में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे की है। भलस्वा डेयरी स्थित राम रहीम चौक निवासी रेहान (17) और उसका दोस्त गौरव (18) बाजार में थे, तभी आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया। चश्मदीदों के मुताबिक, दो लड़के दुकान के अंदर घुसे और रेहान पर चाकुओं से हमला शुरू कर दिया, जबकि उनके दो साथी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।

हमले में रेहान की जांघ पर गहरे जख्म आए हैं और सीने पर भी चोट लगी है। बीट स्टाफ ने तत्काल उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, गौरव के पैर में भी मामूली चोट आई है।

सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस लूटपाट समेत अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More