पैदल जा रहे युवक को घेरकर लूटने वाले लुटेरों को सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने सलाखों के पीछे भेजा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के थाना सुभाष प्लेस की टीम ने राहगीर से लूटपाट की घटना को सुलझाते हुए एक आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान समीर पुत्र इशाक मोहम्मद उर्फ लल्ला (22) निवासी शकूरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात के दौरान छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्थ-वेस्ट) भीष्म सिंह ने बताया कि शकूरपुर निवासी अनस खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जनवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह ब्रिटानिया चौक के रास्ते पैदल अपने घर लौट रहा था, तभी ब्रिटानिया बस स्टैंड के पास तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पीछे से आकर उसके कोट की जेब से ₹2,000 नकद, मोबाइल और ब्लूटूथ डिवाइस छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस शिकायत पर सुभाष प्लेस थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ तेज पाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी सृष्टि भट्ट के मार्गदर्शन में टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। निरंतर प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध समीर और उसके एक नाबालिग साथी को शकूरपुर इलाके से दबोच लिया।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मुख्य आरोपी समीर का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं पाया गया है। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर जल्द पैसे कमाना चाहता था, इसलिए उसने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इस मामले में शामिल उनके तीसरे साथी की तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More