LIC कर्मचारी से लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक एलआईसी कर्मचारी के साथ हुई लूट की वारदात को महज 18 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटा गया कीमती ‘सैमसंग S24FE’ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब इनके चौथे फरार साथी की तलाश में जुटी है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी ने बताया कि घटना 9 फरवरी की रात करीब 09:15 बजे मदनपुर खादर गांव निवासी जगदीश सिंह, जो एलआईसी में कार्यरत हैं, खदर पुलिया बस स्टैंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें अकेला पाकर घेर लिया और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कालिंदी कुंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ जतन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह और अन्य जवान शामिल थे। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और महज 18 घंटे के भीतर छापेमारी कर तीन आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलवर अली (23), शरीफुल (19) और मोहिन (22) के रूप में हुई है, जो मदनपुर खादर की गलियों में रहते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इलाके में ऐसे शिकार की तलाश में थे जो अकेला हो। उन्होंने जगदीश सिंह को बस स्टैंड के पास अकेला देखकर उन पर हमला किया था। आरोपी शरीफुल एमसीडी में मजदूर के रूप में काम करता है, जबकि अन्य दो बेरोजगार हैं। पुलिस अब इनके चौथे साथी नूर नबी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More