अंधविश्वास की बलि चढ़े तीन मासूम: जहर, शराब और ‘खूनी तांत्रिक’; दिल्ली पुलिस ने सुलझाई कार में मिली लाशों की गुत्थी

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में एक कार के भीतर तीन लोगों के अचेत मिलने से फैली सनसनी का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि ‘धनवर्षा’ के नाम पर रची गई एक खूनी साजिश थी। पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और तथाकथित तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ बाबा (55) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़ितों को तंत्र-मंत्र से धन दिलाने का झांसा देकर उन्हें जहरीले लड्डू खिलाए और नकदी लूटकर फरार हो गया था।

बाहरी दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि 8 फरवरी को पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद कार में तीन लोग बेसुध पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने 76 वर्षीय रणधीर, 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर शिव नरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक और कुछ निजी दस्तावेज मिले थे। परिजनों ने हत्या का शक जताया था, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि तीनों मृतक घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन उत्तर प्रदेश के लोनी (गाजियाबाद) गए थे। कॉल रिकॉर्ड्स और तकनीकी सर्विलांस से पता चला कि वे ‘कमरुद्दीन बाबा’ के संपर्क में थे। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि लोनी से वापसी के दौरान कार में एक चौथा व्यक्ति भी मौजूद था, जो कोई और नहीं बल्कि तांत्रिक कमरुद्दीन ही था। पुलिस ने घेराबंदी कर कमरुद्दीन को उसके ठिकाने से धर दबोचा।

कड़ी पूछताछ के बाद कमरुद्दीन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि करीब दो महीने पहले लक्ष्मी के माध्यम से उसकी मुलाकात शिव नरेश और रणधीर से हुई थी। उसने उन्हें झांसा दिया कि वह विशेष पूजा के जरिए ‘धनवर्षा’ करवा सकता है। इसके लिए उसने उन्हें 2 लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक के साथ बुलाया था। रास्ते में आरोपी ने पहले उन्हें शराब पिलाई और फिर अपनी योजना के अनुसार जहर मिले हुए लड्डू खिला दिए। जैसे ही तीनों बेहोश हुए, वह नकदी लूटकर कार को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कमरुद्दीन एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही राजस्थान के धौलपुर में हत्या और उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हत्या के प्रयास के संगीन मामले दर्ज हैं। वह लोनी और फिरोजाबाद में अपना तांत्रिक केंद्र चलाता था और भोले-भाले लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर शिकार बनाता था। पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह और भी लोगों को अपना निशाना बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More