बहन पर कमेंट करने से रोका तो युवक की चाकू गोदकर की हत्या, दो नाबालिगों समेत चार को दबोचा

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (डीएलएफ) ने तिलपत के गिरदावल एनक्लेव में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाते हुए दो किशोरों सहित चार आरोपियों को काबू किया है। यह खूनी वारदात महज एक कमेंट का विरोध करने और आरोपियों को धमकाने के चलते अंजाम दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार और मुख्य साजिशकर्ताओं को दबोच लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 9 फरवरी को गिरदावल एनक्लेव में 30 वर्षीय जयसिंह की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जयसिंह के दोस्त की बहन पर अभद्र टिप्पणी की थी। जब जयसिंह और उसके साथियों सौरव व सोनू ने इसका विरोध किया और आरोपियों को धमकाया, तो उस समय आरोपी वहां से चले गए। लेकिन कुछ ही देर बाद वे पूरी तैयारी के साथ वापस लौटे और जयसिंह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

डीसीपी अपराध के अनुसार, इस वारदात की साजिश हिमांशु (19) और तुषार (19) ने रची थी। इन दोनों ने ही दो नाबालिग किशोरों को चाकू उपलब्ध कराए थे। पकड़े गए दोनों बालिग आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने ही किशोरों को जयसिंह पर हमला करने के लिए उकसाया था, जिसके बाद नाबालिगों ने जयसिंह पर चाकुओं से वार किए। हमले के बाद जयसिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई जगत सिंह की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए 10 फरवरी को मुख्य आरोपी हिमांशु और तुषार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बुधवार को वारदात में शामिल दोनों किशोरों को भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू बरामद करने और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More