बेरहमी से चाकू बरसाते व मर्डर की धमकी देने का वीडियो किया था वायरल, पुलिस ने धर दबोचे दो बदमाश

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के स्पेशल स्टाफ ने जहांगीरपुरी इलाके में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी और सोशल मीडिया पर कत्ल की धमकी देने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इन आरोपियों को एक अंतरराज्यीय ऑपरेशन के तहत बिहार के सुपौल से दिल्ली आ रही एक निजी बस से दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ अक्कू (19) और नितिन (18) के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने न केवल पुराने मामले को सुलझाया है, बल्कि एक अन्य युवक की संभावित हत्या को भी समय रहते टाल दिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 2 जनवरी को जहांगीरपुरी के के-ब्लॉक पार्क में आरोपियों ने मामूली विवाद के बाद अंशु और उसके दोस्त विमल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था। इस घटना के बाद आरोपियों ने दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। एक वीडियो में वे पीड़ितों पर बेरहमी से चाकू बरसाते दिख रहे थे, जबकि दूसरे वीडियो में वे दो हत्याएं करने का दावा करते हुए एक और हत्या की धमकी दे रहे थे। इन वीडियो ने न केवल जनता में रोष पैदा किया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) रणजीत ढाका के निर्देश और स्पेशल स्टाफ प्रभारी सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बिहार के सुपौल में छिपे हैं। पुलिस टीम बिहार पहुंची, तो सूचना मिली कि आरोपी बस से दिल्ली की ओर निकल चुके हैं। स्पेशल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए दिल्ली-यूपी सीमा पर घेराबंदी की और बिहार से आने वाली बसों की सघन तलाशी शुरू की। अंततः एक निजी बस से दोनों को धर दबोचा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने सनसनीखेज खुलासा किया कि वे जहांगीरपुरी निवासी सरताज नामक युवक की हत्या करने की साजिश रच रहे थे और दिल्ली लौटते ही उसे अंजाम देने वाले थे। पुलिस का मानना है कि समय पर इनकी गिरफ्तारी न होती, तो राजधानी में एक और निर्मम हत्या हो सकती थी। हालांकि इन आरोपियों का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन उनके हिंसक व्यवहार ने पुलिस को भी चौंका दिया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी और इस गिरोह के अन्य नेटवर्क की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More