सोनीपत में वारदात कर दिल्ली में छिपा था बदमाश, पुलिस ने दबोचा, 7 मामलों में पहले से है शामिल

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले की बुराड़ी थाना पुलिस ने इलाके में हुई एक चोरी की वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी निहाल विहार थाने का घोषित अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व आर्म्स एक्ट के 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि का एक हिस्सा और घर के ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले लोहे की रॉड व चाबियां बरामद कर ली हैं।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 6 फरवरी को बुराड़ी के पिंकी चौधरी कॉलोनी निवासी रविंदर बहादुर ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित पेशे से हॉकर हैं और अखबार बांटने का काम करते हैं। घटना वाले दिन वह सुबह अपने काम पर गए थे, तभी पीछे से चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर शर्ट की जेब में रखे 17,000 रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर बुराड़ी थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएचओ गिरीश चंद्र और एसीपी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और सोनू की एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति ताला तोड़कर घर में घुसते हुए दिखाई दिया। फुटेज से मिली तस्वीरों को स्थानीय मुखबिरों को दिखाया गया, जिससे आरोपी की पहचान राकेश उर्फ बिहारी (42) के रूप में हुई। सूचना मिली कि आरोपी हाल ही में निहाल विहार से बुराड़ी के वेस्ट कमल विहार में किराए पर रहने आया है।

पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को कमल विहार इलाके से धर दबोचा। पूछताछ में राकेश ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में उसने अपने साथियों के साथ सोनीपत में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। हरियाणा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह करीब 15 दिन पहले ही बुराड़ी में किराए का कमरा लेकर रहने लगा था। उसने कबूल किया कि नशे की जरूरतों और मौज-मस्ती के लिए उसने इस चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके पास से 9,180 रुपये और वारदात के समय पहने हुए कपड़े व जूते भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, राकेश उर्फ बिहारी एक ड्रग एडिक्ट है और निहाल विहार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर दर्ज 7 मामलों के अलावा, अब सोनीपत के कुंडली थाने में दर्ज मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने बुराड़ी इलाके में और भी कहीं सेंधमारी की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More