फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़: रंगदारी मांगने वाले आरोपी ने पुलिस पर किया फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (सेक्टर-30) की टीम और रंगदारी के आरोपियों के बीच मंगलवार रात गुरुग्राम रोड पर पहाड़ी क्षेत्र में जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम जब मुख्य आरोपी मोनू गुर्जर को हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी, तभी उसने पुलिसकर्मी की आंखों में मिट्टी झोंककर सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने का प्रयास किया। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के बठिंडा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को फरीदाबाद के एक बड़े स्टील व्यापारी को व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए फोन आया था। इसके बाद 5 फरवरी को व्यापारी के घर की गैलरी में 5 जिंदा कारतूस और एक धमकी भरा पत्र मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेंट्रल में मुकदमा दर्ज किया गया और अपराध शाखा सेक्टर-30 ने तफ्तीश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के बठिंडा निवासी मोनू गुर्जर (22), हनी (20) और कपिल उर्फ कन्नू (21) को गिरफ्तार किया। 10 फरवरी को जब पुलिस टीम मोनू गुर्जर को लेकर पाली चौकी क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में हथियार बरामदगी के लिए पहुंची, तो उसने एक पिस्टल और AK-47 के 5 कारतूस बरामद कराए। इसी दौरान मोनू ने अचानक हमला कर सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। मुख्य आरोपी मोनू गुर्जर पर पंजाब में अपहरण, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के 4 मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी हनी पर डकैती और कपिल पर वाहन चोरी का मामला दर्ज है। ये तीनों अपने ‘आकाओं’ के इशारे पर व्यापारियों को डराने-धमकाने का काम करते थे। फरीदाबाद पुलिस अब इनके उन आकाओं की तलाश कर रही है जो विदेश में बैठकर रंगदारी का यह सिंडिकेट चला रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More