डीएलएफ पार्क ‘ब्लाइंड मर्डर’ केस सुलझा: मामूली विवाद में दोस्त ने घोंपा था चाकू, 5 किशोर दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के मोती नगर थाना पुलिस ने डीएलएफ पार्क इलाके में हुई एक सनसनीखेज ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच नाबालिगों को पकड़ा है, जिन्होंने आपसी रंजिश या विवाद के चलते एक किशोर की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 9 फरवरी को मोती नगर के डीडीए पार्क में एक नाबालिग की हत्या की सूचना मिली थी। मृतक की पीठ के ऊपरी हिस्से पर चाकू से वार किया गया था। चूंकि हमलावर मौके से फरार थे और कोई सुराग नहीं था, इसलिए पुलिस के लिए यह एक ‘ब्लाइंड केस’ था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीपी शिवम और एसएचओ वरुण दलाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पार्क के गेट नंबर-3 और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज में पांच संदिग्ध युवक नजर आए, जिनकी पहचान एक चश्मदीद गवाह ने भी की। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी को दबोचा। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य चार नाबालिग साथियों को भी हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए किशोरों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक की चप्पलें और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी पांचों किशोरों की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पार्क में बैठने या किसी पुरानी बात को लेकर इनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मुख्य आरोपी ने चाकू निकालकर किशोर की पीठ में घोंप दिया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More