मोती नगर में पुलिस ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपी दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली के मोती नगर थाना पुलिस ने इलाके में हुई ‘हत्या के प्रयास’ की एक सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए 6 लोगों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग हैं, जबकि चार अन्य नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों ने मामूली कहासुनी के बाद एक 22 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि घटना 9 फरवरी को मोती नगर इलाके में दानिश (22) नामक युवक पर जानलेवा हमला हुआ था। हमलावरों ने दानिश की पीठ पर बाईं ओर सीने के ऊपरी हिस्से में चाकू से गहरा वार किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में मोती नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शिवम और एसएचओ वरुण दलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रामा रोड और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सभी आरोपी भागते हुए नजर आए, जिनकी पहचान एक चश्मदीद गवाह ने भी की। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और सभी छह आरोपियों को दबोच लिया।

पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान प्रियांशु (20) और रितिक (18) के रूप में हुई है। प्रियांशु पेशे से कूरियर बॉय है, जबकि रितिक छात्र है। वहीं, पकड़े गए चार नाबालिगों में 15 वर्षीय किशोर वह मुख्य हमलावर है, जिसने दानिश पर चाकू से वार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि अचानक हुए एक झगड़े के दौरान उन्होंने तैश में आकर दानिश पर हमला किया था।

पुलिस के अनुसार, सभी नाबालिगों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाबालिगों के पास चाकू कहाँ से आया। फिलहाल, घायल दानिश का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More