बस का इंतजार कर रहे छात्र का फोन छीना, पुलिस पकड़े गए मेहराम नगर के बदमाश

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिमी जिले की दिल्ली कैंट थाना पुलिस के तहत सुब्रतो पार्क पुलिस चौकी की टीम ने धौला कुआं इलाके में सक्रिय दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान रिंकू खान उर्फ कोटल (24) और अजय उर्फ बंटी (24) के रूप में हुई है, जो मेहराम नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, एक चोरी का फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उन पर पहले से ही चोरी व लूट के 14 मामले दर्ज हैं।

दक्षिण-पश्चिम जिला के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 9 फरवरी की रात करीब 10:45 बजे लखनऊ निवासी 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र तरूशरा सिंह धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के बाहर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन झपटा और फरार होने की कोशिश की। पीड़ित ने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुब्रतो पार्क चौकी की टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रिंकू खान को मौके के पास से ही दबोच लिया, जिसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने वह स्कूटी भी बरामद की जिससे वारदात को अंजाम दिया गया था। चौंकाने वाली बात यह रही कि स्कूटी आरोपी रिंकू के पिता के नाम पर पंजीकृत थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दूसरे आरोपी अजय उर्फ बंटी की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद मोबाइल चोरी का एक अन्य मामला भी सुलझा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, रिंकू खान पर पहले से ही चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी अजय उर्फ बंटी पर भी चोरी व लूट के 6 मामले दर्ज हैं। ये दोनों अक्सर सुनसान बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशनों के बाहर यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे। दिल्ली कैंट पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वालों का पता लगाने में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More