एडमिशन और प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़: सुभाष प्लेस पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत दो को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने ठगी के एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को प्रॉपर्टी के सस्ते सौदे और प्रतिष्ठित कॉलेजों में दाखिला दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की चपत लगा रहा था। थाना सुभाष प्लेस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरोह के मुख्य सरगना कुमार गौरव उर्फ राहुल और उसके सहयोगी प्रणव शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में बैंक से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि ठगी की शुरुआत विजय विहार निवासी दीपू कुमार की शिकायत से हुई। आरोपियों ने दीपू को संपत्ति के निवेश में बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देकर मोटी रकम ऐंठ ली थी। जांच के दौरान जैसे-जैसे पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, वैसे-वैसे कई अन्य पीड़ित भी सामने आए। पता चला कि यह गिरोह बच्चों का एडमिशन नामी शैक्षणिक संस्थानों में कराने के नाम पर भी अभिभावकों से भारी वसूली कर रहा था। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ठगों के इस जाल को तोड़ने के लिए एसीपी की देखरेख में एसआई नीरज कुमार और एएसआई जयपाल की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जब बैंक खातों के लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। गिरोह का मुख्य आरोपी कुमार गौरव लोगों से पैसे लेकर उसे प्रणव शर्मा के विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाता था। वहां से नकदी निकालकर पुलिस की नजरों से बचने के लिए इसे कई वित्तीय माध्यमों से घुमाया जाता था। पुलिस ने सबसे पहले कुमार गौरव को मुंबई से गिरफ्तार किया और उसकी रिमांड के दौरान दिल्ली से प्रणव शर्मा को भी दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी कुमार गौरव (34) मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है, जबकि उसका साथी प्रणव शर्मा (29) दिल्ली के सूरजमल विहार का निवासी है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रणव, कुमार गौरव के इशारे पर अपने बैंक खातों का उपयोग ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए करता था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगे गए कुल रुपयों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से कई अंतरराज्यीय ठगी के मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More