त्रिलोकपुरी में मोबाइल चार्जिंग से मना करने पर ऑटो रिपेयर शॉप में युवक की चाकू मारकर की हत्या, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में मोबाइल चार्ज करने जैसे मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ऑटो रिपेयर की दुकान पर मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर दो युवकों ने दुकान पर मौजूद व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस हमले में बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड और कल्याणपुरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पूर्वी जिले के एडिशनल कमिश्नर अभिषेक धानिया ने बताया कि घटना 9 फरवरी की है। त्रिलोकपुरी स्थित 13/31 ब्लॉक की एक ऑटो रिपेयर शॉप पर वीर सिंह और राम किशन मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी यामीन और यासीन वहां अपना मोबाइल चार्ज करने पहुंचे। दुकान पर मौजूद वीर सिंह ने जब मोबाइल चार्ज करने से मना किया, तो दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू निकालकर वीर सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राम किशन को भी चोटें आईं। घायलों को तुरंत एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए वीर सिंह को मैक्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी (ऑपरेशन) संजय सिंह और एसीपी पवन कुमार के मार्गदर्शन में कई टीमों का गठन किया गया। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर जितेंद्र और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड के इंचार्ज इंस्पेक्टर अरुण कुमार की टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्रिलोकपुरी के ही रहने वाले दो आरोपियों, यामीन (31) और यासीन (28) को घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खूनी चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मोबाइल चार्जिंग को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने तैश में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More