बवाना औद्योगिक क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला: फैक्ट्री मालिक की सरेराह गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली का बवाना औद्योगिक क्षेत्र सोमवार दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। DSIIDC सेक्टर-4 में अज्ञात हमलावरों ने एक 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान वैभव गांधी (35) के रूप में हुई है, जो इसी इलाके में स्थित फैक्ट्री नंबर 133 के संचालक बताए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:51 बजे पूठ खुर्द स्थित एमवी अस्पताल से सूचना मिली कि वैभव गांधी पुत्र सुरेंद्र गांधी को घायल अवस्था में लाया गया है। वैभव के शरीर पर गोलियों के निशान थे और डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (मृत) घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस की टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची।

शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात सेक्टर-4 स्थित फैक्ट्री नंबर J-133 और J-21 के ठीक सामने अंजाम दी गई। हमलावरों ने वैभव को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और औद्योगिक क्षेत्र के अन्य कारोबारी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए रोहिणी स्थित एफएसएल और मोबाइल क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और वहां से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस आसपास की फैक्ट्रियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।

बवाना थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई विशेष टीमें और ऑपरेशन यूनिट के सदस्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य कारण।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More