सफदरजंग अस्पताल में 16 युवाओं को मिली अनुकंपा नियुक्ति, निदेशक ने कहा- संवेदनशीलता से करें कार्य

नई दिल्ली: देश के प्रतिष्ठित सफदरजंग अस्पताल में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अनुकंपा नियुक्ति योजना के अंतर्गत 16 परिवारों को संबल प्रदान किया गया है। अस्पताल परिसर में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान 6 लोअर डिवीजन क्लर्क और 10 मल्टी टास्किंग स्टाफ को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिन्होंने अपने कमाऊ सदस्य को खो दिया है।

अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य विपरीत परिस्थितियों में परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देना है। उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा, “अस्पताल की गरिमा आपके आचरण पर टिकी है। आप सभी ईमानदारी, संवेदनशीलता और अटूट समर्पण भाव से कार्य करें ताकि रोगी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल सके।”

कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु बाम्बा ने नवनियुक्त कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संस्थान की कार्यसंस्कृति से परिचित कराते हुए अनुशासन और टीमवर्क के महत्व को समझाया। वहीं, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेखा तिर्की ने भी नवनियुक्त कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

समारोह में डीडीए गणेश कुमार की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अस्पताल प्रशासन ने नवनियुक्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें संस्थान का अभिन्न अंग बताया। नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त कर्मियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष भाव नजर आया। इस कदम की अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने भी सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More