शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 7 करोड़ ठगे, पुलिस ने दिल्ली और राजस्थान से 3 आरोपियों को दबोचा

फरीदाबाद: साइबर ठगों ने फरीदाबाद के तीन अलग-अलग इलाकों में शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर लगभग 7.03 करोड़ रुपये की डिजिटल डकैती को अंजाम दिया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इन मामलों में तत्परता दिखाते हुए दिल्ली और राजस्थान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ठगों को ‘कमीशन’ के आधार पर बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे।

5.56 करोड़ की सबसे बड़ी ठगी, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति से ठगों ने सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ‘B16 ट्रस्ट लाइन’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर पीड़ित को ‘TL FIN’ ऐप डाउनलोड कराया गया। पीड़ित ने मोटा मुनाफा देखकर कुल 5,56,21,548 रुपये निवेश कर दिए। जब पैसे निकालने का समय आया तो ऐप और ग्रुप दोनों बंद मिले। पुलिस ने इस मामले में चित्तौड़गढ़, राजस्थान निवासी मोहित (22) को गिरफ्तार किया है। उसने अपनी फर्म ‘सांवरिया ट्रेडर्स’ का खाता ठगों को दिया था, जिसमें 50 लाख रुपये आए थे। इस केस में अब तक 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

सेक्टर-86 के निवासी से 73.97 लाख की लूट

सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप लिंक के जरिए स्टॉक और प्री-आईपीओ में निवेश का झांसा दिया गया। अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से 73,97,600 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। पुलिस ने इस मामले में बल्लभगढ़ निवासी पुष्कर (30) और दिल्ली के बेगमपुर निवासी यश मेहन (48) को गिरफ्तार किया है। पुष्कर खाताधारक है, जिसने यश के माध्यम से ठगों को अपना अकाउंट उपलब्ध करवाया था।

व्हाट्सएप मैसेज से 72.74 लाख की चपत

सेक्टर-81 के एक व्यक्ति को 26 सितंबर 2025 को व्हाट्सएप पर निवेश का मैसेज मिला। ठगों ने ऐप डाउनलोड कराकर उससे 72,74,882 रुपये ठग लिए। साइबर थाना सेंट्रल ने इस मामले में दिल्ली के चाणक्यपुरी निवासी विवेक (21) को गिरफ्तार किया है। विवेक ने रोहित चौहान नामक व्यक्ति से खाता लेकर आगे ठगों को दिया था।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ठग पहले पीड़ितों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ते हैं, जहां उन्हें फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते हैं। पीड़ितों को एक विशेष ऐप डाउनलोड कराया जाता है, जिसमें उनकी निवेश की गई राशि और उस पर मिलता ‘मुनाफा’ वर्चुअली दिखाई देता है, लेकिन हकीकत में वह पैसा ठगों के खातों में जा रहा होता है। डीसीपी साइबर क्राइम अभिषेक जोरवाल के मार्गदर्शन में पुलिस इन गिरोहों के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मोहित को 5 दिन, विवेक को 4 दिन और पुष्कर व यश को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More