एनसीआरटीसी ने पीएम ई-बस सेवा के ITMS प्रोजेक्ट के लिए किया स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन, 100 शहरों का बदलेगा परिवहन ढांचा

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत ‘इंटेलिजेंट ट्रांजिट मैनेजमेंट सिस्टम’ (ITMS) परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है। इस सिलसिले में एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में एक उच्च स्तरीय ‘स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन मीटिंग’ का आयोजन किया गया। इस बैठक में उद्योग जगत के प्रमुख भागीदारों ने हिस्सा लिया और कुशल व पारदर्शी शहरी मोबिलिटी पर अपने विचार साझा किए।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने एनसीआरटीसी को इस परियोजना के लिए प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी नियुक्त किया है। यह परियोजना पीएम-ई-बस सेवा योजना के लिए एक एकीकृत डिजिटल बैकबोन के रूप में काम करेगी, जिसके तहत पूरे देश में इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा।

10,000 बसें और 10 साल का रखरखाव इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत एक व्यापक आईटीएमएस प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से लगभग 10,000 ई-बसों को 100 से अधिक शहरों में एक साथ संचालित करने की योजना है। एनसीआरटीसी न केवल इस एप्लिकेशन को विकसित करेगा, बल्कि एक केंद्रीय विज़ुअलाइज़ेशन सेंटर की स्थापना के साथ-साथ अगले 10 वर्षों तक इस सिस्टम का संचालन और रखरखाव भी सुनिश्चित करेगा।

नमो भारत कॉरिडोर की विशेषज्ञता का मिलेगा लाभ श्री शलभ गोयल ने बताया कि एनसीआरटीसी ने देश के पहले दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ ‘नमो भारत’ कॉरिडोर के निर्माण के दौरान कई विश्व स्तरीय तकनीकों का सफल प्रयोग किया है। यही तकनीकी विशेषज्ञता अब देशभर के सार्वजनिक परिवहन को एकीकृत और सुलभ बनाने में मदद करेगी।

ITMS सिस्टम में ऑटोमैटिक व्हीकल लोकेशन, ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और यात्रियों के लिए एक खास मोबाइल ऐप जैसे मॉड्यूल शामिल होंगे। इससे न केवल परिवहन प्रणाली की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को बसों की सटीक लोकेशन और किराये के भुगतान में भी आसानी होगी। बैठक में शामिल इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स ने प्रोजेक्ट के स्कोप और एग्जीक्यूशन फ्रेमवर्क पर सकारात्मक संवाद किया, जो आने वाले समय में देश के शहरी परिवहन की सूरत बदल सकता है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More