आदर्श नगर में घर के भीतर सेंधमारी का खुलासा: पुलिस ने बरामद किए हीरे, सोने और चांदी के आभूषण

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस ने एक घर में हुई बड़ी चोरी के मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक बालिका को अभिरक्षा में लिया है और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया अधिकांश माल, जिसमें हीरे, सोने और चांदी के महंगे आभूषण व नकदी शामिल है, बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले के अपर आयुक्त पुलिस भीष्म सिंह ने बताया कि 4 फरवरी को आदर्श नगर के केवल पार्क एक्सटेंशन निवासी हिमांशु ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर की पहली मंजिल पर स्थित बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर सवा तीन लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवरात साफ कर दिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक लव अत्रे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने एक बालिका को चिन्हित कर अभिरक्षा में लिया।

पुलिस ने पकड़ी गई बालिका की निशानदेही पर चोरी गए सामान की बड़ी खेप बरामद की है। बरामदगी में 22,100 रुपये नकद, तीन सोने की चेन सोने की चार अंगूठियां, हीरे जड़े सोने के तीन जोड़ी टॉप्स, सोने का ब्रैसलेट, नथ, बालियां और चांदी की तीन जोड़ी पायल व कड़े शामिल हैं। पुलिस बरामद किए गए अन्य सामान और नकद राशि के शेष हिस्से के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More