बिना नंबर प्लेट की बाइक ने खोला राज: रोहिणी में पुलिस पिकेट पर पकड़ा गया वाहन चोर, दो KTM बाइक जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस द्वारा झपटमारी, लूट और वाहन चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के तहत विजय विहार थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

रोहिणी जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए रणनीतिक स्थानों पर पिकेट लगाकर सघन चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसी कड़ी में 3 फरवरी को विजय विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में एएसआई धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल विकास, प्रदीप, ओम प्रकाश और कांस्टेबल प्रशांत की टीम लाल क्वार्टर स्थित शमशान घाट रोड के पास गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच करने पर पता चला कि वह मोटरसाइकिल विजय विहार थाना क्षेत्र से ही चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी को तुरंत अभिरक्षा में ले लिया।

पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक और मोटरसाइकिल बरामद की, जो विजय विहार इलाके से ही चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सफेद रंग की और एक काले व संतरी रंग की ‘बजाज केटीएम’ मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पकड़े गए आरोपी के साथ इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के दो मामले सुलझा लिए गए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More