घरेलू सहायक के साथ मिलकर रची थी चोरी की साजिश, पुलिस ने बरामद की सोने की चेन

नई दिल्ली: दिल्ली की उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने कोहाट एन्क्लेव में हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी और जालसाजी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अशोक विहार थाने की डब्ल्यूपीआईए पुलिस चौकी की टीम ने मामले के मुख्य वांछित अपराधी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित परिवार की चोरी हुई एक सोने की चेन भी बरामद कर ली है।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि यह मामला 26 अप्रैल 2025 का है, जब कोहाट एन्क्लेव निवासी गौरव ढींगरा अपने परिवार के साथ डिनर से लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा मिला और उनका घरेलू सहायक सोनू गायब था। घर से सोने और हीरे के कीमती आभूषण चोरी हो चुके थे। सुभाष प्लेस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसमें पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपी राकेश लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत और थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई शिवेंद्र और हेड कांस्टेबल द्रवेश को शामिल किया गया था। टीम ने स्थानीय खुफिया तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आखिरकार आरोपी राकेश (45 वर्ष) को उसके ठिकाने से दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया आरोपी राकेश एक आदतन अपराधी है। वह पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रह चुका है और साल 2012 में अशोक विहार इलाके में हुई एक सशस्त्र चोरी और लूट के मामले में तीन साल की सजा भी काट चुका है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जल्द अमीर बनने और ऐशो-आराम के लिए अपराध का रास्ता चुना। पुलिस अब इस मामले में अन्य बरामदगी और आरोपी के अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More