हरियाणा से दिल्ली में शराब तस्करी का खेल नाकाम, पुलिस ने तस्कर को दबोचा, 3550 क्वार्टर शराब बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली की उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। अशोक विहार थाने की डब्ल्यूपीआईए पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान घेराबंदी कर एक हुंडई वर्ना कार को पकड़ा, जिसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी कार की आड़ में इस काले धंधे को अंजाम दे रहा था।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि अपराध और तस्करी को रोकने के लिए जिले में पुलिस टीमों को मुस्तैद किया गया है। इसी कड़ी में 25 जनवरी की देर रात करीब 02:30 बजे, अशोक विहार थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में एसआई मोहित, हेड कांस्टेबल पवन और अजय की टीम इलाके में गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध हुंडई वर्ना कार पर पड़ी। पुलिस ने जब कार को रुकवाकर उसकी गहन तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। कार के अंदर से कुल 71 कार्टन बरामद हुए, जिनमें 3,550 क्वार्टर अवैध शराब भरी हुई थी। बरामद शराब पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” अंकित था। कार चला रहे युवक के पास न तो शराब का कोई लाइसेंस था और न ही वह इस खेप के बारे में कोई संतोषजनक जवाब दे पाया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय रविंदर, पुत्र राम कुमार, निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में रविंदर ने खुलासा किया कि वह पहली बार इस अपराध में शामिल हुआ है और उसने महज ‘आसान पैसा’ कमाने के लालच में शराब तस्करी का रास्ता चुना। उसने बताया कि वह ‘सब्बे’ नाम के एक व्यक्ति के इशारे पर काम कर रहा था, जो उसे फोन पर डिलीवरी की लोकेशन बताता था। आरोपी को सोनीपत के पास शराब से भरी यह कार दिल्ली में सप्लाई करने के लिए सौंपी गई थी। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मुख्य मास्टरमाइंड की तलाश शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More