फरीदाबाद में साइबर ठगों पर पुलिस का प्रहार: क्रेडिट कार्ड और लोन के नाम पर ठगी करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग क्रेडिट कार्ड पॉइंट्स रिडीम करने, कार्ड कन्वर्ट करने और सस्ते लोन का झांसा देकर लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे थे।

क्रेडिट कार्ड पॉइंट्स के नाम पर 1.40 लाख की चपत

साइबर थाना NIT की टीम ने दिल्ली के शिकारपुर निवासी अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एनआईटी-5 के एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड पॉइंट्स रिडीम करने का झांसा देकर एक फर्जी लिंक भेजा था। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर जानकारी और ओटीपी भरा, उसका फोन हैंग हो गया और खाते से 1,40,367 रुपये निकल गए। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने अपने दोस्त आकाश के नाम पर खाता खुलवाकर ठगों को उपलब्ध कराया था।

VISA कार्ड को RUPAY में बदलने का झांसा

साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी भरत कुशवाह को गिरफ्तार किया है। भरत ने सेक्टर-15 निवासी एक व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड को ‘वीजा’ से ‘रुपये’ कार्ड में बदलने का लालच देकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा। इसके जरिए पीड़ित के कार्ड की जानकारी हासिल कर 1,44,999 रुपये उड़ा लिए गए। पुलिस ने आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लिया है।

बैंक कर्मचारी बन कम ब्याज पर लोन का झांसा

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में साइबर थाना सेंट्रल ने शिवम रजक और किशन नाम के दो मुख्य आरोपियों को दबोचा है। ये दोनों आरोपी पूर्व में कॉल सेंटर में काम करते थे और वहीं से इन्होंने ठगी के तरीके सीखे। आरोपियों ने सेक्टर-30 निवासी एक व्यक्ति को कोटक महिंद्रा बैंक का कर्मचारी बनकर फोन किया और कम ब्याज दर पर लोन दिलाने के नाम पर ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से लोन के रूप में 31,431 रुपये निकलवाकर क्यूआर कोड के जरिए अपने पास मंगा लिए। ये ठग उत्तम नगर, दिल्ली में एक फ्लैट से अपना नेटवर्क चला रहे थे।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और रिमांड के दौरान इनके अन्य साथियों व बैंक खातों की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More