प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन के पास आईफोन लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार, चाकू और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली की प्रीत विहार थाना पुलिस ने मेट्रो स्टेशन के पास हुई सशस्त्र लूट की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया आईफोन-15, वारदात में इस्तेमाल चाकू और स्कूटी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपियों में से एक पुराना अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के एडिशनल सीपी अभिषेक धनियां ने बताया कि यह वारदात 28 जनवरी की तड़के करीब 03:00 बजे हुई थी। शिकायतकर्ता सिद्धांत सभरवाल प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन के पास टहल रहे थे, तभी स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका। एक बदमाश ने चाकू दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे ने जबरन उनका आईफोन-15 छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार के नेतृत्व में एसआई सौरभ कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह और सुमित की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस व स्थानीय मुखबिरों की मदद से 29 जनवरी को पहले आरोपी मोहम्मद साहिल को दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर लूटा गया आईफोन-15 और चाकू बरामद हुआ। साहिल की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी मोहम्मद आज़म उर्फ चाँद को भी गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त कर ली।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पेशे से मजदूर हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ये राहगीरों को निशाना बनाते थे। मोहम्मद साहिल पहले भी प्रीत विहार थाने में दर्ज दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब इनके तीसरे फरार साथी की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने इलाके में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More