सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के लिए पार्क स्ट्रीट आरएसएस का पुनर्निर्माण पूरा, मुख्यमंत्री ने शुरू किया नया मेट्रो पावर स्टेशन

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पार्क स्ट्रीट पर दिल्ली मेट्रो के अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन का भव्य उद्घाटन किया। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत पुनर्गठित यह सब-स्टेशन न केवल मौजूदा मेट्रो लाइनों को निर्बाध बिजली प्रदान करेगा, बल्कि भविष्य की मेट्रो परियोजनाओं के लिए भी रीढ़ की हड्डी साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस सुविधा का बारीकी से निरीक्षण किया और दिल्ली की परिवहन अवसंरचना में इसे एक मील का पत्थर बताया।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेश ने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में इस सब-स्टेशन के रीलोकेशन और पुनर्निर्माण का कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया है। गौरतलब है कि मूल पार्क स्ट्रीट आरएसएस का निर्माण 2010 में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और वॉयलेट लाइन (लाइन-6) के लिए किया गया था। वर्ष 2021-22 में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के निर्माण के चलते इसे हटाया गया था, जिसका पुनर्निर्माण दिसंबर 2025 में पूरा हुआ। अब यह नया संयुक्त स्टेशन एयरपोर्ट लाइन, लाइन-6 और आगामी फेज-5ए के तहत इंद्रप्रस्थ से आर.के. आश्रम मार्ग तक चलने वाली मेट्रो के लिए बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

इस नए सब-स्टेशन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी तकनीक और सुरक्षा मानक हैं। इसमें उन्नत सब-स्टेशन ऑटोमेशन सिस्टम, ऊर्जा-कुशल वीआरएफ एयर-कंडीशनिंग और पूरी तरह से स्वचालित फायर प्रोटेक्शन सिस्टम लगाया गया है। परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए इसमें एड्रेसेबल फायर अलार्म सिस्टम भी मौजूद है।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए डीएमआरसी ने इसे ‘ग्रीन बिल्डिंग’ मानकों के अनुरूप डिजाइन किया है। सब-स्टेशन की छत पर सोलर रूफटॉप पावर सिस्टम की भी योजना बनाई गई है, जिससे कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद मिलेगी। इस उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस नई सुविधा के शुरू होने से दिल्ली मेट्रो के बढ़ते नेटवर्क को अब और भी विश्वसनीय और सुरक्षित ऊर्जा मिल सकेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More