ज्योति नगर में घर के अलग-अलग कमरों में मिले पति-पत्नी के शव, जाँच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक ही घर में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12:05 बजे ज्योति नगर थाने को वेस्ट ज्योति नगर के एक घर में आत्महत्या की सूचना मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो दृश्य काफी भयावह था। घर के अलग-अलग कमरों में पति और पत्नी के शव संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सुरक्षित किया और जिले की फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने फिलहाल भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से इस दंपति ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया। क्या घर में कोई कलह थी या इसके पीछे कोई और कारण था, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जाँच के बाद ही हो पाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More