एमसीडी के इतिहास में पहली बार ‘लाभ का बजट’, कर्मचारियों के नियमितीकरण और विकास पर जोर

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट का नेता सदन श्री प्रवेश वाही ने पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने इस बजट को दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप और ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह न केवल निगम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा, बल्कि राजधानी में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के एक नए युग की शुरुआत करेगा। वाही ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि निगम के इतिहास में संभवतः यह पहली बार है जब एक ‘लाभ का बजट’ पेश किया गया है, जो कुशल वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है।

बजट के मानवीय पक्ष पर प्रकाश डालते हुए प्रवेश वाही ने कहा कि इस बार निगम कर्मचारियों और डॉक्टरों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है। उन्होंने घोषणा की कि पिछले कई वर्षों से लंबित नियमितीकरण (पक्का करने) की प्रक्रिया को अब युद्ध स्तर पर तेज किया जाएगा। इसके अलावा, कर्मचारियों की समय पर पदोन्नति सुनिश्चित करने और रिक्त पदों पर नई भर्तियां करने का निर्णय लिया गया है। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि निगम की कार्यप्रणाली में भी अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा।

निगम के बजट में आम नागरिकों के स्वास्थ्य और बच्चों के भविष्य पर विशेष निवेश किया गया है। वाही के अनुसार, अब दिल्ली के हर वार्ड में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ और मातृ-शिशु केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे लोगों को घर के पास ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में निगम के स्कूलों को ‘स्मार्ट क्लासरूम’ और सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में योग शिक्षा, खेलकूद और नियमित स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य हिस्सा बनाया गया है।

राजधानी की सबसे बड़ी चुनौती, यानी प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ों से निपटने के लिए बजट में ठोस कार्ययोजना पेश की गई है। नेता सदन ने बताया कि लैंडफिल साइटों को पूरी तरह से कचरा मुक्त कर वहां हरित क्षेत्र और जन-सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही, वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों की मशीनीकृत सफाई, धूल नियंत्रण के उपाय और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशनों का जाल बिछाया जाएगा। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देना भी इस बजट की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।

निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संपत्ति कर संग्रह की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाया गया है। प्रवेश वाही ने बताया कि विज्ञापन नीति में सुधार, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार और साप्ताहिक बाजारों के नियमितीकरण जैसे कदमों से निगम की आय में वृद्धि होगी। बजट में महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए कल्याणकारी योजनाओं और आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण को भी शामिल किया गया है, जिससे दिल्ली एक ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में उभर सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More