गुलाबी बाग में रेलवे टेक्नीशियन की हत्या के आरोपी को छह घंटे में पकड़ा, ₹1 के ट्रांजैक्शन ने खोल दी हत्या की पोल

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी और मध्य जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने गुलाबी बाग थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज ‘ब्लाइंड मर्डर’ मिस्ट्री को महज 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 17 वर्षीय एक किशोर को पकड़ा है, जिसने भारतीय रेलवे में कार्यरत टेक्नीशियन संदीप कुमार मालवीय की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

नॉर्थ जिले के एडिशनल डीसीपी सुमित कुमार झा ने बताया कि 2 फरवरी को सब्जी मंडी रेलवे कॉलोनी के एक कमरे में संदिग्ध शव मिलने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुँची पुलिस को मृतक की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली, जिसके चेहरे और गर्दन पर चोट के गहरे निशान थे। मृतक की पहचान 39 वर्षीय संदीप कुमार मालवीय के रूप में हुई, जो रेलवे में टेक्नीशियन थे और 25 जनवरी से लापता थे। मृतक के भाई ने बताया कि संदीप अक्सर इस किराए के कमरे में अपने दोस्तों के साथ आता था। कमरे का ताला तोड़कर देखा गया तो अंदर संदीप का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुलाबी बाग थाने के इंस्पेक्टर संदीप कुमार और स्पेशल स्टाफ/नॉर्थ के इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम बनाई गई। पहाड़गंज थाना पुलिस ने भी इस ऑपरेशन में सहयोग किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में मृतक एक ऑटो में एक लड़के के साथ जाता हुआ दिखा। इसी बीच टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि मृतक के बैंक खाते से ₹1 का एक टेस्ट ट्रांजैक्शन किया गया है। जिस यूपीआई अकाउंट में पैसे ट्रांसफर हुए, वह एक नाबालिग का निकला। पुलिस ने जाल बिछाकर 3 फरवरी की सुबह मंदिर मार्ग इलाके से 17 वर्षीय आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 25-26 जनवरी की रात वह पहाड़गंज में संदीप से मिला था। संदीप उसे रेलवे कॉलोनी स्थित अपने कमरे पर ले गया, जहाँ उसने किशोर के साथ जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश की। इससे आक्रोशित होकर किशोर ने कमरे में रखे गैस सिलेंडर से संदीप के सिर पर वार कर दिया और फिर टूटे हुए कांच से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के कपड़े पहने और उसका मोबाइल, क्रेडिट कार्ड व ₹2000 नकदी लेकर फरार हो गया। आरोपी ने बाद में उसी कार्ड से पैसे निकालकर नया मोबाइल भी खरीदा था।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात के समय पहने गए कपड़े, घटनास्थल से मिला गैस सिलेंडर, कांच के टुकड़े और मृतक के पैसों से खरीदा गया नया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More