इन्वेस्टमेंट के नाम पर 5.63 लाख की ठगी, दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से दो जालसाजों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला की साइबर पुलिस टीम ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर दिल्ली के एक युवक से ₹5.63 लाख हड़प लिए थे। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल 4 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस अधिकारी के अनुसार, 25 जनवरी को गोकलपुरी निवासी जितेंद्र (32 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसे ऑनलाइन निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा दिया गया और बाद में जीएसटी व अन्य शुल्कों के नाम पर उससे कुल ₹5.63 लाख की ठगी की गई। इस शिकायत पर साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में एसआई नंदन सिंह, हेड कांस्टेबल अमित और टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान में छापेमारी की। पुलिस ने सबसे पहले बूंदी इलाके से धनपाल मीणा (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में धनपाल ने अपना जुर्म कबूल किया और अपने साथी सीता राम (23 वर्ष), निवासी टोंक का नाम उजागर किया, जिसे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि ये आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर निवेश पर भारी मुनाफे के ग्राफ दिखाते थे। जब पीड़ित इनके झांसे में आ जाता, तो ये पैसे निवेश कराते और फिर निकासी के समय टैक्स व अन्य चार्जेस के नाम पर और पैसे ऐंठ लेते थे। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गई अन्य ठगी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More