जनपथ मार्केट में गिरा हीरों और सोने के गहनों से भरा पर्स महज चंद घंटों में बरामद, पुलिस ने महिला के जेवरात लौटाए

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस इलाके के जनपथ मार्केट में दिल्ली पुलिस की सतर्कता और ईमानदारी की एक मिसाल देखने को मिली है। पुलिस के बीट स्टाफ ने बाजार में गिरे हीरों और सोने के जेवरातों से भरे एक पर्स को महज कुछ ही घंटों में तलाश कर उसकी मालकिन को सौंप दिया। बरामद किए गए आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली आशा 2 फरवरी को जनपथ मार्केट में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले इलाके में उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में सोने और हीरे की चेन, कंगन, अंगूठियां और झुमके के साथ ₹8,000/- नकद मौजूद थे। घबराई हुई महिला ने तुरंत जनपथ बीट स्टाफ से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई।

मामले की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल जतिन और हेड कांस्टेबल मंजीत तुरंत सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने पेशेवर कुशलता दिखाते हुए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि महिला का पर्स सड़क पर गिर गया था। सुराग मिलते ही पुलिसकर्मी बताए गए स्थान पर पहुँचे और एक दुकान के पास कोने से लावारिस पड़ा पर्स बरामद कर लिया। राहत की बात यह रही कि पर्स के अंदर का सारा सामान पूरी तरह सुरक्षित था।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नई दिल्ली जिला) देवेश कुमार माहला ने बताया कि पुलिस ने बरामद जेवरात और नकदी महिला को सौंप दी है। अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला ने दिल्ली पुलिस की निष्ठा और तत्परता की दिल से सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More