महिंद्रा टेम्पो बना ‘शराब गोदाम’, पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई तस्करी की बड़ी साजिश

नई दिल्ली: उत्तरी जिले की बुराड़ी थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही 35 पेटी (1750 क्वार्टर) अवैध शराब बरामद की है। शराब को एक महिंद्रा चैंपियन टेम्पो में छिपाकर दिल्ली लाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले 10 वर्षों से इस काले धंधे में संलिप्त था।

डीसीपी (नॉर्थ) राजा बांठिया ने बताया कि बुराड़ी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतुड़ी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमर सिंह और आशुतोष की टीम 24/25 जनवरी की दरम्यानी रात गश्त पर थी। इसी दौरान आधी रात को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकुंदपुर की ओर से एक टेम्पो में अवैध शराब की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरसीसी रोड, ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के पास रणनीतिक जाल बिछाया। रात करीब 12:36 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध टेम्पो को रोका और चालक को काबू किया।

टेम्पो की तलाशी लेने पर उसके पिछले हिस्से से 35 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं, जिन पर ‘केवल हरियाणा में बिक्री के लिए’ लिखा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान 50 वर्षीय ओमेंद्र पाल निवासी गौतम विहार, न्यू उस्मानपुर के रूप में हुई। पूछताछ में ओमेंद्र ने खुलासा किया कि वह गाजीपुर निवासी ‘आलिम’ के लिए काम करता है। आलिम उसे प्रति पेटी 100 रुपये का कमीशन देता था और उसी ने यह टेम्पो मुहैया कराया था। ओमेंद्र ने यह शराब सोनीपत के सेक्टर-7 से लोड की थी और इसे दिल्ली के गाजीपुर में सप्लाई करना था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ओमेंद्र पाल पेशेवर ड्राइवर है और जल्द पैसा कमाने के लालच में वह शराब तस्करी में उतर गया। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य सरगना आलिम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More